बारिश रूकने पर मुंबई के लोगों ने ली राहत की सांस। रेल और हवाई सेवा बहाल। लेकिन मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र में अब भी है भारी बारिश के आसार।
पिछले चार दिन से हो रही लगातार बारिश अब रूक गई है। जिसके बाद मुंबई के लोगों ने राहत की सांस ली है। अब आम जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। रेल और हवाई सेवा भी बहाल हो गई है। उपनगरीय रेल सेवाएं भी सुचारू रूप से शुरू है। मध्य तथा हार्बर लाइन की रेलगाडि़यां सुबह 5 से 10 मिनट तक देरी से चल रही थीं।
मौसम विभाग के मुताबिक 10 दिन में शहर में 864.5 मिमी बारिश हुई जो पूरे एक महीने में होने वाली बारिश के बराबर है। विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार तक शहर और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश जारी रहेगी। इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी संभावना जताई गई है।
इस बीच, मंत्री विनोद तावडे मुंबई में नागरिक निकाय और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कुछ महत्वपूर्ण बैठके लेंगे और मानसून से जुड़ी समस्याओं से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चाएं करेंगे।